रघुनाथपुरा टोल के पास ट्रक और कार में भिड़ंत
झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ क्षेत्र में रघुनाथपुरा टोल के पास रात को ट्रक और कार की भिड़ंत में बड़ा हादसा हो गया। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद गाड़ी का फाटक तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया।जानकारी के अनुसार कार में महिला और पुरुष सवार थे, जो दिल्ली से लौट रहे थे। इसी दौरान रघुनाथपुरा टोल के पास ट्रक और कार की भिड़ंत हो गई।
हादसे में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे झुंझुनूं रेफर किया गया है।हादसे की सूचना मिलने के बाद सूरजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को भी सूचना दी है।
पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मृतकों और घायलों की पहचान तथा हादसे की विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आएगी।






