परिजनों ने लगाए शिक्षक पर प्रताड़ना के आरोप
चूरू जिले में तारानगर शहर के एक निजी हॉस्टल में शनिवार सुबह 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। छात्र का शव हॉस्टल स्थित उसके कमरे में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्टल में हड़कंप मच गया और आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
मृतक की पहचान तरुण पुत्र नोपाराम मेघवाल निवासी दलूसर-भनीपुरा के रूप में हुई है। वह कक्षा 12वीं में पढ़ता था और तारानगर के निजी हॉस्टल में रह रहा था।घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी रोहित सांखला सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने आई है।
डीएसपी रोहित सांखला के अनुसार, मामले में परिजनों की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सुसाइड नोट सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही हैमृतक के पिता नोपाराम मेघवाल ने एक शिक्षक पर बच्चे को प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। परिजनों ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
पुलिस के अनुसार मामले में एक व्यक्ति को डिटेन किए जाने की जानकारी है। हालांकि, आरोपों और छात्र की मौत के कारणों की स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।घटना के बाद परिजन शुरुआत में शव को नीचे उतारने के लिए सहमत नहीं थे। पुलिस और परिजनों के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। इसके बाद परिजन शव को नीचे उतारने के लिए राजी हुए।
इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया और पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद हॉस्टल और आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सुसाइड नोट, परिजनों की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर छात्र की मौत के कारणों तथा शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।






