नासिक से उदयपुरवाटी आ रही थी इनोवा, तलाशी में मिली 7 लाख से अधिक की राशि
झुंझुनू जिले में उदयपुरवाटी नगर निकाय चुनाव के बीच पुलिस ने भेरू घाट बागोरा में कार्रवाई करते हुए एक इनोवा गाड़ी से 7 लाख रुपए से अधिक की नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गाड़ी महाराष्ट्र के नासिक से उदयपुरवाटी की ओर आ रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली।पुलिस ने इनोवा की तलाशी ली तो उसमें करीब 7 लाख रुपए से अधिक की राशि मिली। गाड़ी में सवार सीताराम सैनी पुत्र महावीर प्रसाद सैनी, निवासी वार्ड नंबर 13 उदयपुरवाटी, से राशि के संबंध में पूछताछ की गई।
थानाधिकारी रामपाल मीणा ने राशि के बारे में जानकारी ली, लेकिन पुलिस के अनुसार चालक की ओर से संतोषप्रद जवाब नहीं दिया गया।इसके बाद पुलिस ने राशि को जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू की।
बताया गया है कि सीताराम सैनी महाराष्ट्र के नासिक में ठेकेदारी का कार्य करते हैं। उनके छोटे भाई मुकेश कुमार सैनी उदयपुरवाटी के वार्ड नंबर 13 से निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।
सीताराम अपने भाई के पक्ष में प्रचार-प्रसार और मतदान के लिए नासिक से उदयपुरवाटी आए थे।
पुलिस की यह कार्रवाई देर शाम भेरू घाट बागोरा क्षेत्र में की गई। मुखबिर की सूचना के आधार पर गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली गई थी।
पुलिस ने नकदी जब्त करने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। नकदी के संबंध में पूरी स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी।






