स्थानीय लोगों ने बुझाई आग, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
चूरू जिले के राजलदेसर कस्बे में बुधवार शाम नेशनल हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर फैले पेट्रोल में अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में हाईवे के बीचों-बीच आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है।प्रारंभिक जानकारी और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, हाईवे से गुजर रहे एक वाहन से पेट्रोल से भरा जरीकेन सड़क पर गिर गया। इसके बाद पेट्रोल सड़क पर फैल गया और कुछ ही देर में अज्ञात कारणों से उसमें आग लग गई।आग तेजी से फैलने लगी, जिससे हाईवे पर गुजर रहे वाहन चालकों और राहगीरों में दहशत फैल गई।
घटना के समय आग की लपटों के बेहद करीब दो-तीन मोटरसाइकिलें भी खड़ी थीं। यदि आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो मोटरसाइकिलों की पेट्रोल टंकियों में विस्फोट होने की आशंका से बड़ा हादसा हो सकता था।आग लगते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पानी और उपलब्ध संसाधनों की मदद से कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया। इसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो गया।
पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई है। घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। चूरू से सुभाष प्रजापत की रिपोर्ट





