चालक और साथी वाहन छोड़कर फरार
झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी कस्बे में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। झुंझुनूं रोड स्थित चुंगी नंबर-3 पर तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर हाई मास्ट लाइट के पोल से टकरा गया।
टक्कर के बाद पोल विद्युत लाइन पर गिर गया, जिससे हुए शॉर्ट सर्किट के कारण डंपर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा रात करीब एक बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि करीब 20 फीट ऊंचा हाई मास्ट पोल उखड़कर पास से गुजर रही विद्युत लाइन पर जा गिरा। इससे शॉर्ट सर्किट हुआ और डंपर में आग लग गई।
हादसे के बाद डंपर चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, विद्युत विभाग और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।सबसे पहले सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक डंपर का अधिकांश हिस्सा जलकर नष्ट हो चुका था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि चुंगी नंबर-3 क्षेत्र दिनभर व्यस्त रहता है और यहां वाहनों व लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। घटना देर रात होने के कारण चौराहे पर भीड़ नहीं थी, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। थानाधिकारी रामपाल मीणा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त डंपर सीकर जिले के बेरी गांव का बताया जा रहा है। फरार चालक और उसके साथी की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।






