अस्पताल परिसर में कहासुनी के बाद हाथापाई, पार्किंग व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल में पार्किंग शुल्क को लेकर कार चालक और पार्किंग कर्मियों के बीच विवाद का वीडियो सामने आया है । पार्किंग से बाहर निकलते समय शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक अस्पताल परिसर से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान पार्किंग गेट पर मौजूद कर्मियों ने उसे रोक लिया। बताया जा रहा है कि विवाद पार्किंग की समय-सीमा और शुल्क को लेकर शुरू हुआ।वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच पहले बहस होती दिखाई देती है।
इसके बाद विवाद बढ़ता है और कथित तौर पर पार्किंग क्षेत्र में मौजूद एक युवक कार चालक के साथ हाथा पाई करने लगता है। वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि कार में बैठी एक महिला बीच-बचाव के लिए बाहर आती है और झगड़ा रोकने का प्रयास करती है।
इस दौरान उसकी भी युवक से बहस होती नजर आती है। घटना के बाद अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को कुछ समय के लिए असुविधा का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल की पार्किंग व्यवस्था को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठ चुके हैं।
हालांकि, इस घटना को लेकर संबंधित पक्षों या अस्पताल प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वीडियो रविवार सुबह का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो की सामग्री की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू






