भारत मौसम विभाग (IMD) ने 1 अगस्त के लिए देश के कई हिस्सों में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार उत्तर भारत से पूर्वी भारत तक 15 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना है। कई स्थानों पर 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका भी जताई गई है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात में आज बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
पूर्वी भारत के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। नदी और समुद्र तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तथा मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?
राजस्थान में आज मानसून सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के अधिकांश इलाकों में बारिश की संभावना है। उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, बारां, बूंदी और झालावाड़ के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है।
वहीं जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक और सीकर में दिनभर रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। लगातार बादल छाए रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है, हालांकि बारिश रुकने के बाद उमस बढ़ सकती है।
पश्चिमी राजस्थान में भी रहेगा असर
जोधपुर, पाली, नागौर, जालौर, सिरोही, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघगर्जन और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं जैसलमेर, बाड़मेर, बालोतरा और फलौदी में स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
किसानों के लिए क्या है सलाह?
मौसम विभाग के अनुसार मौजूदा बारिश से सोयाबीन, मक्का, बाजरा, मूंग, उड़द और कपास जैसी खरीफ फसलों को नमी का लाभ मिलेगा। हालांकि जिन क्षेत्रों में लगातार भारी वर्षा होने की संभावना है, वहां किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था रखने की सलाह दी गई है।






