नई दिल्ली। देशभर में मानसून की रफ्तार तेज हो गई है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर सिस्टम के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही तेज हवाएं, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम अगले 24 घंटे में ओडिशा तट पार कर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ सकता है, जिससे मध्य और पूर्वी भारत में वर्षा की गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है।
17 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
IMD ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, बिहार, असम, सिक्किम समेत 17 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात, कोंकण-गोवा, सौराष्ट्र-कच्छ और मध्य महाराष्ट्र में 5 से 7 जुलाई के बीच भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में 10 जुलाई तक बारिश का दौर
राजस्थान में मानसून की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 6 से 10 जुलाई तक जयपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, जोधपुर, बीकानेर, भरतपुर, अलवर, सीकर और झुंझुनूं सहित कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश, जबकि पश्चिमी राजस्थान में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।
दिल्ली, यूपी और बिहार में भी मौसम रहेगा खराब
दिल्ली में 6 से 8 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर सहित कई जिलों में 6 से 8 जुलाई तक बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट है।
बिहार में पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, समस्तीपुर, सीतामढ़ी और मधुबनी समेत कई जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
समुद्र में न जाने की सलाह
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में समुद्र के उग्र रहने की चेतावनी दी है। 7 जुलाई तक मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
लोगों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली चमकने के समय खुले स्थानों में न रुकने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।






