नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र (लो-प्रेशर एरिया) के प्रभाव से देश के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन राज्यों में अगले सात दिन बारिश के आसार
आईएमडी के अनुसार, अगले सात दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम, बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
वहीं 18 और 19 जुलाई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश, सिक्किम, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, उत्तराखंड, मणिपुर, त्रिपुरा, गुजरात, मध्य प्रदेश और केरल सहित 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
किसानों और आमजन के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। किसानों को खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की सलाह दी गई है, ताकि फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।
राजस्थान में 21 जुलाई से सक्रिय हो सकता है मानसून
राजस्थान में फिलहाल मानसून की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं, जिससे अधिकांश जिलों में गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। हालांकि शनिवार को 10 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 21 जुलाई से प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो सकता है, जिसके बाद 20 से अधिक जिलों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं।
फिलहाल इस मानसून सीजन में राजस्थान में सामान्य से करीब 21 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
शनिवार को बाड़मेर, बालोतरा, जालोर, सिरोही, उदयपुर, सलूंबर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, बारां और झालावाड़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
हालांकि फिलहाल राजस्थान के किसी भी जिले के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।






