नई दिल्ली/जयपुर। देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22 जुलाई को मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत सहित 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान कई क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
समुद्र में नहीं जाने की सलाह
मौसम विभाग के अनुसार औसत समुद्र तल पर मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति के आसपास बनी हुई है। हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है, जिससे बारिश की गतिविधियों को बल मिल रहा है।
आईएमडी ने 22 से 25 जुलाई तक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, गुजरात, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड, हरियाणा, केरल, ओडिशा सहित 18 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। कई स्थानों पर जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून
करीब दो सप्ताह के अंतराल के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान में दोबारा सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों में राज्य के पूर्वी हिस्सों के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार 22 से 26 जुलाई के बीच कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है।
अजमेर-ब्यावर में ऑरेंज, 14 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने अजमेर और ब्यावर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़, मेघगर्जन और मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा जयपुर, नागौर, राजसमंद, भीलवाड़ा, टोंक, दौसा, सवाई माधोपुर, डीग, सीकर, बूंदी, कोटा, चित्तौड़गढ़ और डीडवाना-कुचामन सहित 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने, पेड़ों, पुराने बिजली के खंभों और अस्थायी ढांचों से दूर रहने तथा आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह बारिश खरीफ फसलों के लिए लाभदायक हो सकती है, हालांकि तेज हवाओं से तैयार या कटी हुई फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बनी रहेगी।






