देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के बीच भारत मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के लिए बड़ा मौसम अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा डिप्रेशन सक्रिय है, जिसके प्रभाव से पूर्वी, मध्य, पश्चिमी और उत्तर भारत के कई राज्यों में व्यापक वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अगले 8 घंटों के दौरान 22 राज्यों में मूसलाधार बारिश की आशंका जताई है। इस दौरान कई स्थानों पर 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इन राज्यों में फ्लैश फ्लड का खतरा
आईएमडी ने उत्तराखंड, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा जताया है। विभाग ने स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी है।
मछुआरों के लिए समुद्र में न जाने की सलाह
मौसम विभाग ने समुद्री क्षेत्रों के लिए भी चेतावनी जारी की है। 29 जुलाई की सुबह तक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा ओडिशा, पश्चिम बंगाल और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों के पास समुद्र में मछली पकड़ने नहीं जाने की सलाह दी गई है।
विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में समुद्र की स्थिति खराब रह सकती है तथा 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
2 अगस्त तक कई राज्यों में भारी बारिश का पूर्वानुमान
आईएमडी के अनुसार, 28 जुलाई से 2 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में अलग-अलग दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है।
राजस्थान में भी भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 28 जुलाई से 30 जुलाई के बीच राजस्थान के कई जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। जयपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर, भरतपुर, अलवर, बूंदी, झालावाड़, सिरोही और बांसवाड़ा सहित कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
आईएमडी के अनुसार, 28 जुलाई से 2 अगस्त तक पूर्वी राजस्थान में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। वहीं 28-29 जुलाई और 1-2 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 30 जुलाई से 2 अगस्त के बीच पश्चिमी राजस्थान में भी भारी बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान है।






