देश के कई राज्यों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए 22 राज्यों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 40 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और मेघगर्जन के साथ वज्रपात की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
गहरे अवदाब के कारण सक्रिय हुआ मानसून
आईएमडी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के मध्य भागों और उत्तरी आंतरिक ओडिशा के आसपास बना गहरा अवदाब कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल गया है। इसी मौसम प्रणाली के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण जलभराव, निचले इलाकों में बाढ़, भूस्खलन तथा सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
अगले 3 से 4 दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, गुजरात, बिहार, झारखंड, ओडिशा तथा पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।
इसके साथ ही कई इलाकों में तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए चेतावनी
आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर में 30 जुलाई से 3 अगस्त तक गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। 30 जुलाई के लिए आंधी-तूफान और बिजली गिरने की विशेष चेतावनी दी गई है।
वहीं उत्तर प्रदेश में 30 जुलाई से मानसून के फिर सक्रिय होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 30 और 31 जुलाई को कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 2 से 4 अगस्त के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं।
राजस्थान में 2 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून
राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार 30 जुलाई से 2 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां तेज रहेंगी।
कोटा और उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में मध्यम से तेज बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना है।
इन जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट
येलो अलर्ट: अजमेर, अलवर, ब्यावर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, बालोतरा, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जालौर, जोधपुर, नागौर, पाली, फलौदी और श्रीगंगानगर में गरज-चमक, वज्रपात तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट: बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर और उदयपुर में भारी से अति भारी बारिश तथा 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।






