देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब अपने सबसे सक्रिय चरण में पहुंच चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले सात दिनों तक उत्तर, मध्य, पूर्व और पश्चिम भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज आंधी, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में 40 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में बारिश का दायरा और बढ़ सकता है।


उत्तर भारत से पश्चिमी तट तक बारिश का असर

आईएमडी के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है।

पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है, जबकि महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में 15 जुलाई तक लगातार बारिश की संभावना जताई गई है। समुद्र में ऊंची लहरों और खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।


उत्तर प्रदेश और बिहार में तेज बारिश व आंधी का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, आगरा, अयोध्या, प्रयागराज, रायबरेली, सीतापुर, उन्नाव और कई अन्य जिलों में भारी बारिश के साथ 90 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। कई स्थानों पर बिजली गिरने और जलभराव की आशंका भी जताई गई है।

वहीं बिहार में 9 से 11 जुलाई के बीच पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, भागलपुर, कटिहार, अररिया, समस्तीपुर और अन्य जिलों में मध्यम से भारी बारिश के साथ 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।


राजस्थान में 9 और 10 जुलाई तक सक्रिय रहेगा मानसून

राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 9 और 10 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि 11 जुलाई से वर्षा की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।

पूर्वी राजस्थान के अजमेर, अलवर, भरतपुर, जयपुर, झुंझुनूं, सीकर, टोंक, उदयपुर, राजसमंद, सवाई माधोपुर सहित 28 जिलों तथा पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू, नागौर, जोधपुर, पाली, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है।

राजधानी जयपुर में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।


आईएमडी की लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े नहीं होने तथा नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

किसानों को बिजली कड़कने के दौरान खेतों में काम नहीं करने तथा मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...