नई दिल्ली। देशभर में सक्रिय मानसून के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 जुलाई के लिए राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित 16 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि पूर्वी राज्यों के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी संभावना है।
इन राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश और आंधी की संभावना है।
विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।
राजस्थान में इन जिलों के लिए चेतावनी
आईएमडी के अनुसार राजस्थान के हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, जयपुर, दौसा, भरतपुर, अजमेर, नागौर, करौली, पाली, चित्तौड़गढ़ और सवाई माधोपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
इन मौसम प्रणालियों का दिखेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्व राजस्थान और उससे सटे उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा मध्य असम और आसपास के क्षेत्रों में भी एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसके प्रभाव से कई राज्यों में वर्षा गतिविधियां तेज बनी हुई हैं।
जयपुर का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार जयपुर में 24 जुलाई को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।






