देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 10 घंटे के दौरान 15 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और सतर्क रहने की अपील की गई है।
इन 15 राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और केरल में अगले कुछ घंटों के दौरान तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। कई इलाकों में बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली-एनसीआर से राजस्थान तक सक्रिय रहेगा मानसून
दिल्ली-एनसीआर में 8 से 10 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
राजस्थान में 8 और 9 जुलाई को जयपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर और जोधपुर सहित कई जिलों में भारी से बेहद भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वी राजस्थान में अगले चार से पांच दिनों तक मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है, जबकि 10 जुलाई के बाद भारी बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है।
यूपी और बिहार में तेज हवाओं के साथ बारिश
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, इटावा, शाहजहांपुर, मुजफ्फरनगर और अन्य जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं बिहार के पटना, मुंगेर, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सिवान, सारण और कई अन्य जिलों में तेज आंधी और बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है। किसानों, यात्रियों और मछुआरों को भी स्थानीय प्रशासन एवं मौसम विभाग की सलाह का पालन करने के लिए कहा गया है।






