नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार, 3 जुलाई के लिए 16 राज्यों में बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 5 से 6 दिनों तक मध्य भारत समेत कई हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां तेज बनी रहेंगी।
इन राज्यों में आज बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा सहित कई राज्यों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली में भारी बारिश और 70 किमी/घंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
राजस्थान में भी सक्रिय रहेगा मानसून
राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर, जोधपुर, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर और अलवर सहित कई जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान 40 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी की भी संभावना है।
आईएमडी के अनुसार 4 से 8 जुलाई के बीच राजस्थान में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी। 5 से 7 जुलाई के दौरान पश्चिमी राजस्थान तथा 7 से 8 जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
यात्रा से पहले मौसम अपडेट जरूर देखें
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कच्चे निर्माणों से दूर रहें। यदि यात्रा की योजना है तो घर से निकलने से पहले स्थानीय मौसम अपडेट अवश्य देखें। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की संभावना को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।






