नई दिल्ली/जयपुर। देश के कई राज्यों में हो रही बारिश के बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 6 से 7 दिनों तक मानसून के सक्रिय रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 20 जुलाई को देश के 17 राज्यों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कई क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं, मेघगर्जन और वज्रपात की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन तथा कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
उत्तर भारत में कई राज्यों के लिए बारिश का पूर्वानुमान
आईएमडी के अनुसार 20 से 25 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में व्यापक वर्षा होने की संभावना है।
इसके अलावा हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में भी गरज-चमक, तेज हवाओं और कहीं-कहीं भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले कुछ दिनों तक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
राजस्थान में 20 से 25 जुलाई तक बढ़ेगी बारिश
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़े मानसून के बाद 20 जुलाई से राजस्थान में मौसम का मिजाज बदलना शुरू होगा।
पूर्वी भारत के ऊपर सक्रिय मौसम प्रणालियों और राजस्थान के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से 20 और 21 जुलाई से पूर्वी राजस्थान में वर्षा की गतिविधियां बढ़ेंगी। वहीं 22 और 23 जुलाई के दौरान कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के कई क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।
इसके बाद 22 से 28 जुलाई के बीच जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी मानसून के सक्रिय होने के संकेत हैं।
चूरू रहा सबसे गर्म
रविवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान चूरू में 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकांश क्षेत्रों में शाम तक सापेक्ष आर्द्रता 30 से 50 प्रतिशत के बीच रिकॉर्ड की गई।
इन जिलों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 20 से 22 जुलाई के लिए पूर्वी राजस्थान के अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपुतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक और उदयपुर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
इन क्षेत्रों में मेघगर्जन, वज्रपात तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं पश्चिमी राजस्थान में 20 से 22 जुलाई तक चूरू, डीडवाना-कुचामन और हनुमानगढ़ में बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 21 और 22 जुलाई को श्रीगंगानगर, पाली, नागौर और जालोर, जबकि 22 जुलाई को बालोतरा और बीकानेर जिलों में भी वर्षा का पूर्वानुमान है।
लोगों को बरतनी होगी सावधानी
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों पर बिजली गिरने के दौरान शरण लेने से बचने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है।






