देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार सक्रिय हो रहा है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 3 जुलाई को मानसून ने गुजरात, मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों और राजस्थान-हरियाणा के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़त दर्ज की है। वहीं उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से अगले 4 से 5 दिनों तक मध्य, पश्चिम और उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 18 राज्यों में हल्की से भारी बारिश, गरज-चमक, आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। कई क्षेत्रों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

इन राज्यों में जारी हुआ बारिश का अलर्ट

आईएमडी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, ओडिशा, केरल, नागालैंड, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में अगले कुछ दिनों तक बारिश का असर देखने को मिलेगा।

इसके अलावा 4 से 6 जुलाई के बीच कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं 4 जुलाई को पश्चिमी मध्य प्रदेश और ओडिशा के कुछ इलाकों में भी भारी वर्षा की संभावना है।

दिल्ली में 6 जुलाई तक आंधी और हल्की बारिश के आसार

राजधानी दिल्ली में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

आईएमडी ने दिल्ली में 6 जुलाई तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।

यूपी में 9 जुलाई तक बारिश का दौर

उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशांबी और प्रयागराज सहित कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है।

इसके अलावा वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, मऊ, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। विभाग के अनुसार, राज्य में बारिश का यह सिलसिला 9 जुलाई तक जारी रह सकता है।

बिहार में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं का अलर्ट

बिहार में भी मानसून सक्रिय है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी सहित कई जिलों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान और पंजाब में भी भारी बारिश की चेतावनी

राजस्थान में 4 से 9 जुलाई के बीच पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

वहीं पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पटियाला, बठिंडा, मोहाली, गुरदासपुर और फिरोजपुर सहित कई शहरों में 4 से 9 जुलाई के दौरान बारिश, आंधी और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों में नहीं रुकने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। तेज हवाओं और भारी बारिश को देखते हुए किसानों और वाहन चालकों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...