भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 4 अगस्त को देश के 19 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश और 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। वहीं राजस्थान में भी मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिले हैं।

असम में बाढ़ से 50 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में अगले सात दिनों तक भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है।

इन राज्यों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट

आईएमडी ने असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार और उत्तराखंड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, पश्चिमी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

राजस्थान में बदला मानसून का स्वरूप

मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर होकर उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर परिसंचरण तंत्र में बदल गया है। इसके साथ ही सक्रिय मानसून ट्रफ बीकानेर, दिल्ली, लखनऊ और पटना होते हुए मणिपुर तक गुजर रही है।

इस बदलाव के कारण राज्य में बारिश का वितरण असमान रहेगा। उत्तर-पूर्वी और पूर्वी जिलों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी, जबकि दक्षिणी और पश्चिमी राजस्थान में धीरे-धीरे वर्षा कम होने की संभावना है।

इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं के आसार

जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के अधिकांश जिलों में सोमवार को मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।

अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक और जयपुर में रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, बूंदी और बारां में अच्छी बारिश हो सकती है।

जोधपुर, पाली, नागौर, जालौर, सिरोही, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघगर्जन की संभावना है, जबकि बाड़मेर, जैसलमेर, बालोतरा और फलौदी में बारिश की संभावना अपेक्षाकृत कम रहेगी।

6 से 8 अगस्त के बीच फिर बढ़ सकती है बारिश

आईएमडी के अनुसार 6 से 8 अगस्त के दौरान राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में एक बार फिर बढ़ोतरी हो सकती है। विभाग ने जिन इलाकों में तेज बारिश की संभावना है, वहां जलभराव, छोटे नालों के जलस्तर में वृद्धि और निचले क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने की आशंका जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...