नई दिल्ली। देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण झारखंड और उत्तरी ओडिशा के अंदरूनी क्षेत्रों के ऊपर बने डिप्रेशन के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक मध्य और उत्तर भारत के कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियां तेज रहेंगी। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने 22 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास 7 जुलाई तक मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
इन राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
आईएमडी के अनुसार हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु और केरल सहित कुल 22 राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर अरब सागर, गुजरात, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए भी परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान का मौसम अपडेट
दिल्ली: राजधानी में 7 से 9 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश: लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, आगरा और अन्य जिलों में 7 से 12 जुलाई तक बारिश की संभावना है। कई क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं।
बिहार: पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, पूर्णिया, बेगूसराय, छपरा और समस्तीपुर समेत कई जिलों में 7 से 12 जुलाई के बीच बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। 9 से 12 जुलाई के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना भी है।
राजस्थान: जयपुर, अजमेर, जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, कोटा, भरतपुर, अलवर, सीकर और झुंझुनूं सहित कई जिलों में 7 से 12 जुलाई तक बारिश का दौर बना रह सकता है। 7 से 10 जुलाई के बीच तेज हवा, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 7 और 8 जुलाई को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर न रुकने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। समुद्री क्षेत्रों में रहने वाले मछुआरों को मौसम सामान्य होने तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।






