देशभर में जारी मानसूनी गतिविधियों के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 जुलाई के लिए 17 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
आईएमडी ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, निचले इलाकों में सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।
अगले 4 से 5 दिन सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में मानसून सामान्य से अधिक सक्रिय रहेगा। इस दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात सहित पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
29 जुलाई के लिए जारी अलर्ट में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, बिहार, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और उत्तर प्रदेश समेत कुल 17 राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम
आईएमडी के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा तट पर बना कम दबाव का क्षेत्र गहरा होकर डीप डिप्रेशन में बदल गया है। इसके प्रभाव से मानसून ट्रफ राजस्थान से गुजर रही है। साथ ही दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश पर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से 29 जुलाई से 2 अगस्त तक राजस्थान में मानसून दोबारा जोर पकड़ सकता है।
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार इस अवधि में कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
29 जुलाई के लिए पूर्वी राजस्थान के अजमेर, अलवर, बारां, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर और टोंक में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं पश्चिमी राजस्थान के बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, नागौर और श्रीगंगानगर जिलों के लिए भी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।
कई जिलों में दर्ज हुई बारिश
28 जुलाई को भी राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार पाली के जवाई बांध क्षेत्र में सर्वाधिक 37 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा जैसलमेर (11.2 मिमी), भीलवाड़ा और दौसा (7-7 मिमी), फलोदी (6.2 मिमी), बाड़मेर (5.6 मिमी) तथा प्रतापगढ़ (5.5 मिमी) में भी बारिश हुई।
वहीं सिरोही जिले के चंद्रावती गांव में लगातार बारिश के दौरान एक कच्चा मकान ढहने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। देलदर क्षेत्र में 72 मिमी वर्षा दर्ज होने से कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी।






