नई दिल्ली। देशभर में मानसून अब रफ्तार पकड़ चुका है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आगामी दिनों में उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश और 60 किमी/घंटा तक हवाओं का अलर्ट

IMD के अनुसार, दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान दक्षिण-पूर्व, पूर्वी, मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम, उत्तर-पश्चिम और उत्तरी दिल्ली में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

6 से 11 जुलाई के बीच दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है। इनमें 6 से 9 जुलाई और 11 जुलाई को कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।

राजस्थान में 6 जुलाई से तेज होगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान में 6 से 10 जुलाई तक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है और यह सिलसिला 11 जुलाई तक जारी रह सकता है।

वहीं पश्चिमी राजस्थान में 7 और 8 जुलाई को भारी बारिश का अनुमान है। पूरे सप्ताह प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

यूपी और हिमालयी राज्यों में भी बारिश का दौर

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 और 9 जुलाई को भारी बारिश तथा 10 और 11 जुलाई को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

वहीं हिमाचल प्रदेश में 6 और 7 जुलाई तथा उत्तराखंड में 6 जुलाई को बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दोनों राज्यों में 11 जुलाई तक व्यापक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली कड़कने के समय खुले स्थानों में न रुकने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। किसानों और आम नागरिकों से स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने को कहा गया है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...