नई दिल्ली/जयपुर। देशभर में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 25 जुलाई के लिए राजस्थान सहित कई राज्यों में भारी बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 60 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।

23 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र सहित देश के 23 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान है, जबकि असम और गुजरात के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।

राजस्थान में अगले 2-3 दिन बारिश का दौर

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी तथा कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने जालोर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि प्रदेश के अधिकांश जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना

पूर्वी राजस्थान के अजमेर, बांसवाड़ा, बारां, अलवर, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक और उदयपुर में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है।

वहीं पश्चिमी राजस्थान के बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, पाली, फलोदी और श्रीगंगानगर में भी बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

सक्रिय मौसमी सिस्टम बढ़ा रहे असर

आईएमडी के अनुसार दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र, उससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण, मानसून ट्रफ तथा मध्य एवं ऊपरी क्षोभमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों को लगातार मजबूत बनाए हुए हैं। इन्हीं मौसमी परिस्थितियों के कारण अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

लोगों के लिए एडवाइजरी

मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और आकाशीय बिजली से सतर्क रहने की अपील की है। किसानों और आमजन को खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने तथा स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की भी सलाह दी गई है।


Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...