उत्तर भारत में दो दिन पहले तक सक्रिय रहा मानसून फिलहाल कुछ कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है। दिल्ली-एनसीआर में बारिश थम गई है, जबकि राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में उमस और गर्मी का असर बना हुआ है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 12 घंटे के दौरान 14 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इन राज्यों में बारिश और तूफान की चेतावनी

आईएमडी के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और असम सहित कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।

मौसम विभाग ने यह भी बताया कि उत्तरी बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के प्रभाव से पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और बिहार में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 4 से 5 दिनों तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?

राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा।

हालांकि, 14 और 15 जुलाई को एक कमजोर मौसम प्रणाली के प्रभाव से बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिले के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

इसके अलावा 13 से 15 जुलाई के बीच शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में बारिश के आसार कम

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल भारी बारिश के कोई संकेत नहीं हैं। बादल छाए रहने के बावजूद तापमान और उमस लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल राजधानी में केवल हल्की और छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...