देशभर में गुरुवार 6 अगस्त को मानसून का प्रभाव बना रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तर भारत, पूर्वोत्तर भारत और पूर्वी राजस्थान सहित कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के भी आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले दिनों हुई भारी बारिश के बाद कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। ऐसे में संवेदनशील इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

सक्रिय हैं कई मौसमीय प्रणालियां

आईएमडी के अनुसार समुद्र तल पर मानसून ट्रफ गंगानगर, दिल्ली, लखनऊ, डाल्टनगंज और बांका होते हुए मणिपुर तक सक्रिय है।

इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के आसपास पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, उत्तर-पूर्वी बिहार, पूर्वोत्तर असम तथा तमिलनाडु-पुडुचेरी तट के आसपास भी अलग-अलग स्तरों पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं, जिनका असर कई राज्यों के मौसम पर पड़ सकता है।

इन राज्यों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार आज उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब के कुछ हिस्सों, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, तटीय कर्नाटक, केरल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।

वहीं बिहार, झारखंड, कोंकण और गोवा में भी हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है।

राजस्थान सहित इन क्षेत्रों पर भी नजर

आईएमडी के अनुसार पूर्वी राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश तथा तमिलनाडु में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

इसके अलावा विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात क्षेत्र, लद्दाख और लक्षद्वीप में हल्की बारिश होने के आसार हैं।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...