राजस्थान में पिछले कई दिनों से कमजोर पड़े मानसून के बीच मौसम में बदलाव के संकेत मिले हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार 16 जुलाई से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। हालांकि अगले छह से सात दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार 16 जुलाई को उदयपुर और जोधपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों के अलावा श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर और भरतपुर के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में भी कहीं-कहीं वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक फिलहाल प्रदेश में व्यापक या भारी बारिश के संकेत नहीं हैं। हालांकि उत्तर गुजरात और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर समुद्र तल से 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण तथा 19 जुलाई से सक्रिय होने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ मौसम को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से 20 जुलाई के बाद राजस्थान में मानसून दोबारा सक्रिय होने की संभावना है।

आईएमडी के अनुसार वर्तमान में मानसून ट्रफ जम्मू, देहरादून, शाहजहांपुर, बस्ती, पटना और बांकुड़ा से होकर गुजर रही है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बने निम्न दबाव क्षेत्र से होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इस मौसम प्रणाली का अधिक प्रभाव पूर्वी और मध्य भारत में देखने को मिलेगा, जबकि राजस्थान में इसका असर सीमित रहने की संभावना है।

देश के अन्य हिस्सों की बात करें तो आईएमडी ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...