देश के कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियां फिर तेज हो गई हैं। दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में मंगलवार को बादल और बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में बारिश के आसार
राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला है। अगले कुछ दिनों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। बादल छाए रहने और अलग-अलग इलाकों में बारिश होने से तापमान में उतार-चढ़ाव हो सकता है।
तेज बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव और सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है। हरियाणा और पंजाब में भी मानसूनी गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी बारिश
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। खासतौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। राजस्थान में पूर्वी हिस्सों में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश हो सकती है।
बारिश के दौरान मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। पिछले 24 घंटे में राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राज्य में सर्वाधिक तापमान बीकानेर में 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
11 अगस्त को पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
बारां, बूंदी, झालावाड़, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और कोटा में भारी बारिश के साथ मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में अतिभारी बारिश की आशंका
आईएमडी के अनुसार उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून ट्रफ राजस्थान के बीकानेर से होते हुए इस सिस्टम के केंद्र तक पहुंच रही है। इसके प्रभाव से दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां अधिक रहने की संभावना है।
कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में एक-दो स्थानों पर अतिभारी बारिश की भी आशंका जताई गई है।
उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़ और प्रतापगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं। अजमेर, भीलवाड़ा और टोंक में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं।
इन जिलों में येलो अलर्ट
जयपुर, दौसा, करौली, राजसमंद, सलूम्बर, सवाई माधोपुर और सिरोही सहित अन्य जिलों में मेघगर्जन एवं वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।






