राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार बंगाल की खाड़ी से जुड़े गहरे दबाव (डीप डिप्रेशन), सक्रिय मानसून ट्रफ और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

देशभर में भी बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश के कारण असम में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, जबकि उत्तराखंड में भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच IMD ने 21 राज्यों में हल्की से भारी बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

कई राज्यों में अचानक बाढ़ की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र तथा पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) आने की संभावना है।

इसके अलावा अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के समुद्री क्षेत्रों में तेज हवाओं और खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

राजस्थान में किन संभागों में रहेगा ज्यादा असर

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में अगले 5 से 6 दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा।

विशेष रूप से कोटा और उदयपुर संभाग के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी बारिश की गतिविधियां तेज रहने का अनुमान है। जोधपुर संभाग के दक्षिणी क्षेत्रों में 31 जुलाई से 2 अगस्त के बीच भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, सलूम्बर और उदयपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में भारी से अति भारी बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

अजमेर, अलवर, बारां, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही और टोंक समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

पश्चिमी राजस्थान में भी बढ़ेगी बारिश

पश्चिमी राजस्थान के बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालौर, जोधपुर, नागौर, पाली, फलौदी और श्रीगंगानगर जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाओं और मेघगर्जन का पूर्वानुमान है।

हालांकि जैसलमेर, बाड़मेर और फलौदी के कुछ इलाकों में स्थानीय स्तर पर अधिक प्रभावी बारिश हो सकती है।

जयपुर में दिनभर रुक-रुक कर बारिश के आसार

राजधानी जयपुर में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहने, रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...