देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 7 अगस्त को उत्तर, पूर्व, मध्य और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में भी मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार 7 से 10 अगस्त के बीच प्रदेश के अनेक जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा। विशेष रूप से भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग में कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
आईएमडी के अनुसार 7 से 9 अगस्त के दौरान कोटा, उदयपुर, भरतपुर और आसपास के क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर अति भारी वर्षा हो सकती है।
वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी तथा कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 अगस्त के बाद राज्य में बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने बारां, बूंदी, झालावाड़, कोटा और टोंक जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन, वज्रपात, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और अत्यधिक बारिश की संभावना है।
झुंझुनूं, सीकर और चूरू सहित कई जिलों में येलो अलर्ट
विभाग ने अजमेर, अलवर, भरतपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर और टोंक सहित पूर्वी राजस्थान के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जोधपुर, नागौर, पाली, फलौदी और श्रीगंगानगर में भी बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
सक्रिय मौसम प्रणालियों का असर
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार सक्रिय मानसून ट्रफ, मध्य एवं ऊपरी क्षोभमंडल में बने पश्चिमी विक्षोभ तथा उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय दो चक्रवाती परिसंचरण तंत्र के कारण राजस्थान में नमी की आपूर्ति लगातार बनी हुई है। यही कारण है कि प्रदेश में आगामी दिनों में वर्षा की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है।






