देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अगले 24 घंटे में और मजबूत हो सकता है। इसका असर राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने 29 जुलाई से 2 अगस्त के बीच राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई है।

फिलहाल पश्चिमी राजस्थान पर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर चक्रवाती परिसंचरण में बदल गया है। इसके कारण 27 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रहने का अनुमान है, हालांकि दक्षिण-पश्चिम और दक्षिणी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

28 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अगले 24 घंटे में डीप डिप्रेशन में बदल सकता है। इसी मौसम प्रणाली के प्रभाव से 28 जुलाई से पूर्वी राजस्थान में मानसून दोबारा सक्रिय होगा।

आईएमडी का अनुमान है कि 29 जुलाई से 2 अगस्त के बीच पूर्वी, उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में बारिश का दायरा बढ़ेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।

इन जिलों के लिए जारी हुआ येलो अलर्ट

जयपुर मौसम केंद्र ने 27 जुलाई के लिए पूर्वी राजस्थान के अजमेर, अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, झालावाड़, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़ और सवाई माधोपुर जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कई स्थानों तथा बीकानेर और जोधपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है।

70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार बारां, कोटा, बूंदी, सिरोही, भीलवाड़ा, सीकर, उदयपुर, भरतपुर, अजमेर, जयपुर, जोधपुर, राजसमंद और टोंक जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

देश के कई राज्यों में भी बारिश और आंधी का अलर्ट

आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में भी भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। वहीं असम के कई जिलों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...