नई दिल्ली, देश के कई हिस्सों में बुधवार को एक बार फिर मानसून सक्रिय नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है।
कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। पूर्वी भारत में आकाशीय बिजली और वज्रपात का खतरा भी बना हुआ है।
पहाड़ी राज्यों में जाने वाले लोगों को मौसम की स्थिति देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
राजस्थान के 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
राजस्थान में बीते कुछ घंटों से कई इलाकों में बादलों की गड़गड़ाहट और रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। तेज गर्मी और उमस के बीच बारिश से लोगों को राहत मिली है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के ताजा Nowcast के अनुसार दक्षिणी और मध्य राजस्थान के कई जिलों में मौसम अचानक बिगड़ सकता है।
उदयपुर, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, सलूंबर, अजमेर, ब्यावर और भीलवाड़ा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
उदयपुर संभाग में भारी बारिश का खतरा
दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के उदयपुर संभाग में मौसम ने ज्यादा करवट ली है। उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और सलूंबर में भारी बारिश के साथ मेघगर्जन की संभावना है।
इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
निचले इलाकों और जलभराव वाले स्थानों पर पानी भरने की स्थिति बन सकती है। नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
राजस्थान के इन जिलों में येलो अलर्ट
पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में भी घने बादल छाए हुए हैं और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने जयपुर, कोटा, बारां, अलवर, भरतपुर, डीग, धौलपुर, करौली, दौसा, सवाई माधोपुर और खैरथल-तिजारा के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
इन इलाकों में भी मौसम खराब होने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली में बारिश के साथ आंधी का अलर्ट
देश की राजधानी दिल्ली में भी बुधवार को मध्यम बारिश के साथ आंधी का अलर्ट है। यहां हवाओं की रफ्तार करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भी मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया है।
मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, इटावा, सीतापुर, महामाया नगर, औरैया, कानपुर, बिजनौर, मैनपुरी, हरदोई, झांसी, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया में मौसम खराब रहने की संभावना है।
इसके अलावा लखनऊ, बाराबंकी, प्रतापगढ़ और आजमगढ़ समेत कई इलाकों में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
बंगाल की खाड़ी और असम क्षेत्र का भी असर
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल तट के पास और दक्षिण असम के आसपास चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से कई क्षेत्रों में बारिश और मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी जाती है। आकाशीय बिजली की स्थिति में अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना बेहतर है।
बारिश के दौरान नदी, नाले या तेज बहाव वाले पानी में जाने से भी बचें। खासकर ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करना जरूरी है।






