चूरू।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सचिव चिरंजीव राव बुधवार को चूरू दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे तथा कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे।
चूरू जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष जमील चौहान ने बताया कि बैठक का आयोजन बुधवार शाम 4 बजे वीर तेजा भवन, आंखों के अस्पताल के पीछे, सैनिक बस्ती, पंखा रोड, चूरू में किया जाएगा।
संगठन को मजबूत बनाने पर रहेगा फोकस
बैठक में चूरू विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पार्टी के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान संगठन की मजबूती, आगामी रणनीति और जनसंपर्क अभियान सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे चिरंजीव राव
जमील चौहान ने बताया कि बैठक का उद्देश्य कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के विचारों एवं नीतियों को कार्यकर्ताओं के माध्यम से आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से समय पर बैठक में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।






