चूरू जिले के बीदासर कस्बे में नोखा-सीकर रोड स्थित तेरापंथ द्वार के पास एम्बुलेंस और बाइक की टक्कर में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
टक्कर के बाद सड़क पर गिरा युवक
एएसआई कुभाराम मीणा ने बताया कि मृतक के पिता धर्मवीर जाट की रिपोर्ट के अनुसार उनका पुत्र राजेश बाइक से जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक एम्बुलेंस से उसकी टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद राजेश सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल टांटिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।






