चूरू जिले की बिदासर तहसील के एक गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के शारीरिक शिक्षक (पीटीआई) के खिलाफ 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी शिक्षक फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
परिजनों का आरोप, बहला-फुसलाकर घर ले गया शिक्षक
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, घटना स्कूल के मध्यान्तर (हाफ-डे) के दौरान हुई। आरोप है कि पीटीआई शिक्षक छात्रा को बहला-फुसलाकर और डराकर अपनी बाइक पर बैठाकर अपने घर ले गया, जहां कथित रूप से उसके साथ दुष्कर्म किया।
परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
ग्रामीणों ने स्कूल पर लगाया ताला
घटना की जानकारी गांव में फैलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। विरोधस्वरूप ग्रामीणों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया और आरोपी शिक्षक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद विद्यालय का ताला खुलवाया।
मेडिकल जांच कराई, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा है। वहीं, मामला सामने आने के बाद आरोपी शिक्षक फरार हो गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।






