चूरू जिले के बीदासर थाना क्षेत्र के रुपेली मोड़ पर शनिवार देर रात बाइक सवार एक युवक पर धारदार हथियार से हमला करने और बाद में लाठी-डंडों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दूंकड़ निवासी रामलाल जाट गोपालपुरा से दवा लेकर मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रुपेली मोड़ स्थित शराब ठेके के सामने तीन-चार लोगों ने उन्हें रोक लिया।
पहले धारदार हथियार से वार, फिर लाठी-डंडों से हमला
आरोप है कि एक हमलावर ने रामलाल जाट के हाथ पर धारदार हथियार से वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके कुछ ही देर बाद एक बोलेरो पिकअप मौके पर पहुंची, जिसमें सवार चार-पांच अन्य लोग नीचे उतरे और घायल युवक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे।
घटना के दौरान पीड़ित ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख सभी आरोपी बोलेरो पिकअप में सवार होकर घटनास्थल से फरार हो गए।
थाने पहुंचा घायल, हायर सेंटर किया गया रेफर
खून से लथपथ हालत में रामलाल जाट अपने भाई की मदद से बीदासर थाने पहुंचे। घायल की स्थिति देखकर पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें राजकीय टांटिया अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
बीदासर पुलिस ने पीड़ित की लिखित रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल प्रेमाराम को सौंपी गई है। पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर मेडिकल परीक्षण भी करवा लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।






