चूरू जिले के छापर कस्बे में साईं बाबा मंदिर के पास स्थित खाली फ्लैटों में शुक्रवार रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नगर पालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक तौर पर स्थानीय लोग इस घटना के पीछे असामाजिक तत्वों की भूमिका होने की आशंका जता रहे हैं।
आग लगने से फ्लैटों के दरवाजे, वहां रखे पीवीसी पाइप और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। समय रहते दमकल के पहुंचने से आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल दी सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासियों ने महेश रतावा, निवर्तमान पार्षद प्रतिनिधि उमाशंकर रतावा, भवानी दर्जी, गोपाल माली और गोवर्धन माली को सूचना दी। इसके बाद दमकल विभाग को मौके पर बुलाया गया, जिसने आग पर काबू पाया।
2022 में बने थे फ्लैट, अब नहीं हो रही देखरेख
स्थानीय लोगों के अनुसार ये फ्लैट वर्ष 2022 में तेरापंथ धर्मसंघ के आचार्य महाश्रमण के चातुर्मास के लिए बनाए गए थे। चातुर्मास समाप्त होने के बाद से इनकी नियमित देखरेख नहीं की गई, जिसके कारण परिसर पूरी तरह सुनसान पड़ा रहता है।
सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से बढ़ रही चिंता
क्षेत्रवासियों का कहना है कि फ्लैटों में न तो कोई चौकीदार तैनात है और न ही सुरक्षा के अन्य इंतजाम हैं। ऐसे में असामाजिक तत्वों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे इस तरह की घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। लोगों ने प्रशासन से परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित निगरानी की मांग की है।






