चूरू शहर में स्कूली छात्राओं से कथित छेड़छाड़ और उनका पीछा करने की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस की एंटी रोमियो स्क्वॉड ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई कर उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, एक बालिका विद्यालय की अध्यापिका और छात्राओं ने शिकायत दी थी कि एक युवक प्रतिदिन स्कूल की छुट्टी के समय स्कूटी से पहुंचकर छात्राओं का पीछा करता है और उनके प्रति अशोभनीय इशारे करता है।
शिकायत के बाद बढ़ाई गई निगरानी
शिकायत मिलने के बाद एंटी रोमियो स्क्वॉड ने संबंधित क्षेत्र में निगरानी शुरू की। गश्त के दौरान रामगढ़िया दरवाजा के पास एक दुकान के निकट एक संदिग्ध स्कूटी खड़ी मिली।
पूछताछ में स्कूटी सवार की पहचान वार्ड संख्या 45 निवासी 35 वर्षीय हरिराम जांगिड़ के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए कोतवाली थाने ले गई।
थाने में हंगामे के बाद गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने अपने व्यवहार पर पछतावा जताने के बजाय कथित रूप से छात्राओं को आगे भी परेशान करने जैसी बातें कहीं। इसके बाद उसने थाना परिसर में हंगामा भी किया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के व्यवहार को देखते हुए शांति भंग होने और संज्ञेय अपराध की आशंका थी। इसी आधार पर उसके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया।






