चूरू जिले के अंतरराष्ट्रीय स्तर के युवा खिलाड़ी, पेनकाक सिलाट के एशियन ब्रॉन्ज मेडलिस्ट एवं नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट इस्लाम खान खानजादा का बुधवार को हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) से निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर से खेल जगत और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
पारिवारिक सदस्य आसिफ टीपू खान ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे इस्लाम खान को अचानक हार्ट अटैक आया। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिलाई पहचान
इस्लाम खान ने पेनकाक सिलाट में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। इसके अलावा उन्होंने एशियाई प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर देश और चूरू जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गौरवान्वित किया था।
उनकी उपलब्धियों ने उन्हें प्रदेश के उभरते हुए खिलाड़ियों में विशेष पहचान दिलाई थी।
खिलाड़ियों और शुभचिंतकों ने जताया शोक
इस्लाम खान के निधन की सूचना मिलते ही खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों और शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त किया। खेल जगत ने इसे एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी की असमय क्षति बताया।






