चूरू जिले के बास घंटेल गांव में एक युवक के कथित अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने युवक को घर के बाहर से जबरन गाड़ी में बैठाकर पूरी रात लोहे के सरिये और लोहे के पाने से मारपीट की तथा सुबह उसे बेहोशी की हालत में गांव के चौक में छोड़ दिया। घायल युवक का डीबी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जन्मदिन की पार्टी से बाहर निकलते ही ले गए

परिजनों के अनुसार बुधवार रात 40 वर्षीय गोपीचंद मेघवाल के घर पर जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। रात में जब वह घर से बाहर निकला तो कुछ लोगों ने उसे और मंगतूराम को कथित रूप से जबरन गाड़ी में बैठा लिया।

आरोप है कि रास्ते में गाड़ी में सवार पवन, सुभाष और राधेश्याम ने गोपीचंद के साथ मारपीट की। परिजनों का कहना है कि उसके माथे और आंख पर लोहे के सरिये से वार किए गए, जबकि छाती पर लोहे के पाने से हमला किया गया।

सुबह गांव के चौक में मिला घायल

मारपीट में गोपीचंद के सिर, माथे और आंख के पास गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि पूरी रात उसके साथ मारपीट की गई और गुरुवार सुबह करीब चार बजे उसे गांव के चौक में बेहोशी की हालत में छोड़ दिया गया।

सूचना मिलने पर परिजन उसे चूरू के डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया गया। घटना की सूचना अस्पताल चौकी पुलिस को भी दी गई।

दोस्ती को लेकर विवाद का आरोप

परिजनों के अनुसार गोपीचंद की गांव निवासी बाबूलाल से मित्रता है और दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। उनका आरोप है कि कुछ लोगों को यह बात पसंद नहीं थी और उन्होंने पहले भी गोपीचंद को बाबूलाल के घर नहीं जाने की धमकी दी थी। इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस को दिया परिवाद

घायल गोपीचंद का उपचार जारी है। परिजनों ने मामले में सदर थाने में परिवाद दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...