सोमवार तक घोषणा नहीं होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी
राजकीय लोहिया महाविद्यालय, चूरू में शुक्रवार को एनएसयूआई के बैनर तले छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर ‘सद्बुद्धि यज्ञ’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व छात्रसंघ महासचिव पुलकित चौधरी ने किया। इस दौरान छात्रों ने यज्ञ में आहुतियां देकर सरकार से छात्रसंघ चुनाव शीघ्र कराने की मांग उठाई।
सरकार पर छात्रों की अनदेखी का आरोप
पुलकित चौधरी ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की जायज मांगों पर ध्यान देने के बजाय उन्हें दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्र किसी प्रकार के असामाजिक तत्व नहीं हैं, बल्कि अपनी लोकतांत्रिक मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यज्ञ के माध्यम से भगवान से प्रार्थना की गई है कि सरकार, मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री को सद्बुद्धि मिले तथा वे छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने की घोषणा करें।
सोमवार तक दिया अल्टीमेटम
एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक छात्रसंघ चुनाव की घोषणा नहीं की गई, तो सोमवार सुबह से राजकीय लोहिया महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने और राजस्थानी भाषा का नियमित कार्यालय खोलने की मांग को लेकर भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
कई छात्र नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अनिल भाकर, छात्र प्रतिनिधि अमन चौधरी, राकेश कस्वां (सिरसली), कमलेश सिहाग, छात्र नेता अजय चौधरी, अरविंद पातुसार, मोहित, कार्तिक स्वामी, सोमिल डीके, आदित्य मील, अंकुश सिहाग, मनजीत चौधरी, रोहित सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।






