चूरू। चूरू जिले में नेशनल हाईवे-52 पर मंगलवार रात एक आवारा पशु से टकराने के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा रतननगर के पास हुआ, जिसमें कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए राजकीय भरतिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अचानक सड़क पर आया पशु, डिवाइडर पर चढ़ी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर अचानक एक आवारा पशु आ जाने से कार का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद कार डिवाइडर पर चढ़ गई और चार-पांच पलटे खाकर सड़क किनारे जा गिरी।
कार में तीन लोग सवार थे, जो हरियाणा के हिसार से सालासर जा रहे थे।
दो युवक घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में सालासर निवासी दामोदर मेघवाल और महेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि टक्कर इतनी तेज थी कि एक युवक कार से उछलकर दूर जा गिरा।
दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय भरतिया अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
रतननगर निवासी शक्ति सिंह भाटी ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को कार से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया और बजरंग सिंह के पिकअप वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया।
बाद में स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया।






