चूरू जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा की अभिनव पहल पर रविवार को जिला कलक्टर आवास पर पुस्तक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर के विद्यालयों से पुस्तकालय अभिरुचि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आमंत्रित किया गया। इस दौरान जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा और पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें करियर संबंधी मार्गदर्शन दिया।


जुनून और क्षमता दोनों जरूरी

जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि करियर में सफलता के लिए ‘एबिलिटी’ (Ability) और ‘पैशन’ (Passion) दोनों का संतुलन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पैशन वह कार्य है जिसे करने में आनंद मिलता है, जबकि एबिलिटी कार्य को बेहतर ढंग से करने की क्षमता है। जब दोनों का संतुलन बनता है, तभी वास्तविक सफलता मिलती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि करियर का चयन केवल परिवार के कहने पर नहीं, बल्कि अपनी रुचि, क्षमता और स्पष्ट लक्ष्य के आधार पर करना चाहिए।


स्टार्टअप और भारतीय संस्कृति में भी अवसर

जिला कलक्टर ने भारत की सॉफ्ट पावर जैसे संस्कृति, कला, संगीत, परंपराओं और पहनावे के क्षेत्र में भी रोजगार और उद्यमिता की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने सरदारशहर ब्लॉक के विद्यार्थी प्रदीप सुथार से कृषि आधारित स्टार्टअप और उद्यमिता के अवसरों पर भी चर्चा की।

उन्होंने कहा कि एक शिक्षक अपने जीवनकाल में हजारों विद्यार्थियों को सही दिशा देता है, इसलिए राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।


पुलिस अधीक्षक और प्रशिक्षु आईपीएस ने भी किया मार्गदर्शन

पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने विद्यार्थियों से कहा कि वे केवल ग्लैमर के पीछे न भागें, बल्कि अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप करियर चुनें। उन्होंने युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजक (Job Creator) बनने की भी प्रेरणा दी तथा एनडीए की तैयारी से जुड़ी जानकारी साझा की।

प्रशिक्षु आईपीएस अभिजीत पाटिल ने यूपीएससी की तैयारी के लिए मूल पुस्तकों के अध्ययन, नियमित समाचार पत्र पढ़ने और निरंतर अभ्यास को सफलता का आधार बताया।


उत्कृष्ट विद्यार्थियों और शिक्षकों का सम्मान

कार्यक्रम में पुस्तकालय अभिरुचि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुस्तकें देकर सम्मानित किया गया।

शिक्षक वर्ग में विमला (राउमावि जयसंगसर, सरदारशहर) प्रथम, ऊर्मिला (राउमावि कोटवाद ताल, चूरू) द्वितीय तथा विनोद कुमार सुवटा (राउमावि चैनपुरा छोटा, राजगढ़) तृतीय स्थान पर रहे।

विद्यार्थी वर्ग में लक्ष्मी बाजिया (राउमावि लाछड़सर, रतनगढ़) प्रथम, कंचन वर्मा (एमजीजीएस नवीन तारानगर) द्वितीय तथा स्नेहा प्रजापत (राउमावि डुंगरास अगूणा, सुजानगढ़) तृतीय स्थान पर रहीं।

इसके अलावा विभिन्न ब्लॉकों के विजेता विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।


अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में डॉ. घनश्यामनाथ कच्छावा, सीडीईओ डॉ. संतोष कुमार महर्षि, गोविंद सिंह राठौड़, पीआरओ सूर्यकांत कुमावत, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...