चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने सोमवार को डीओआईटी वीसी सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला एवं उपखंड स्तरीय अधिकारियों को विभिन्न योजनाओं और अभियानों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हरियालो राजस्थान अभियान को प्राथमिकता
बैठक का मुख्य फोकस 22 जुलाई को आयोजित होने वाले हरियालो राजस्थान अभियान के तहत जिलेव्यापी पौधरोपण महाअभियान पर रहा।
जिला कलक्टर ने कहा कि यह केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का अभियान है। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पौधरोपण, पौधों की जियो टैगिंग तथा उनकी नियमित देखभाल, सिंचाई और संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विकास अधिकारियों से ग्रामीण क्षेत्रों में पौधरोपण एवं बीजारोपण गतिविधियों को जनभागीदारी और स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) के सहयोग से जन-आंदोलन का स्वरूप देने को कहा।
शिविरों में समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के निर्देश
ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसका मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए।
उन्होंने विभागों को निर्देश दिए कि शिविरों में नियमित डाटा एंट्री की जाए तथा पात्र लाभार्थियों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का समय पर लाभ उपलब्ध कराया जाए।
संपर्क पोर्टल और विभिन्न योजनाओं की समीक्षा
जिला कलक्टर ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि केवल शिकायतों का निस्तारण दिखाने की औपचारिकता न करें, बल्कि परिवादियों की वास्तविक संतुष्टि सुनिश्चित करें। असंतुष्ट मामलों का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में वीबीजी-रामजी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), ओबीसी सर्वे, जल संचय जनभागीदारी 3.0, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान, नल जल मित्र, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण एवं शहरी), पीएम स्वनिधि, राजीविका स्वयं सहायता समूहों के गठन तथा मुख्यमंत्री जनसुनवाई से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र लाभार्थियों के आवास निर्माण में तेजी लाने तथा निर्धारित अवधि में निर्माण नहीं करने वाले लाभार्थियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सीईओ श्वेता कोचर, एसीईओ भागचंद खारिया सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी उपखंडों के अधिकारी भी बैठक से जुड़े।






