चूरू जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने गुरुवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला निष्पादन समिति एवं मिड डे मील समीक्षा बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विद्यालयों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों की छतों की सफाई, जर्जर भवनों में शिक्षण गतिविधियां बंद रखने, नामांकन बढ़ाने और विद्यार्थियों की उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में जिले की शिक्षा गुणवत्ता, परीक्षा परिणाम, पीएमश्री विद्यालय, मिड डे मील और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
नामांकन बढ़ाने और परीक्षा परिणाम सुधारने पर जोर
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी शिक्षा अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करें और गत सत्र के परीक्षा परिणामों का विश्लेषण कर कमजोरियों को दूर करने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करें।
उन्होंने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में स्वीकृत सभी सीटों पर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिक्षा से दूर हो चुके बच्चों की पहचान कर उन्हें दोबारा विद्यालयों से जोड़ा जाए।
पीएमश्री स्कूल, लाइब्रेरी और हरियालो राजस्थान अभियान पर फोकस
सुराणा ने पीएमश्री विद्यालयों की रैंकिंग की ब्लॉक स्तर पर नियमित समीक्षा करने, विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने और असेसमेंट में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रत्येक ब्लॉक के कम से कम पांच विद्यालयों में आरआरआर सेंटर, लाइब्रेरी मैनेजमेंट वेबसाइट और जहां उपलब्ध हो वहां अटल टिंकरिंग लैब (ATL) का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण और पंचायत स्तर पर पौधशालाओं के बेहतर संचालन पर भी जोर दिया।
मिड डे मील की गुणवत्ता पर रखें विशेष नजर
बैठक में जिला कलक्टर ने मिड डे मील और पन्नाधाय बाल गोपाल योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषाहार उपलब्ध कराया जाए और भोजन की गुणवत्ता की समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षणों के माध्यम से जांच की जाए।
बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी संतोष महर्षि ने शिक्षा व्यवस्था, जिला रैंकिंग और विभागीय गतिविधियों की प्रगति प्रस्तुत की। इस दौरान माध्यमिक शिक्षा अधिकारी, प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी, साक्षरता अधिकारी सहित सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।






