चूरू शहर के कलेक्ट्रेट सर्किल पर राहगीरों पर कथित रूप से पत्थर फेंकने और हंगामा करने के आरोप में कोतवाली थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार युवक को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसके नहीं मानने पर कार्रवाई की गई।
गश्त के दौरान मिली सूचना
कोतवाली पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान सूचना मिली कि कलेक्ट्रेट सर्किल पर एक युवक राहगीरों पर पत्थर फेंक रहा है और लोगों से झगड़ा कर रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित थी।
समझाइश के बाद भी नहीं माना
पुलिस का कहना है कि युवक को शांत करने और समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस की मौजूदगी में भी लोगों को कथित रूप से जान से मारने की धमकियां देना और पत्थर फेंकना जारी रखा। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम मंगल बताया। वह ग्राम चक राजासर, तहसील नोहर, जिला हनुमानगढ़ का निवासी है और वर्तमान में चूरू के अग्रसेन फाटक के पास झुग्गी-झोपड़ी में रह रहा है।
एसडीएम कोर्ट में किया पेश
पुलिस के अनुसार समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो आरोपी किसी संज्ञेय अपराध को अंजाम दे सकता था। गिरफ्तार युवक को आवश्यक कार्रवाई के बाद एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया।






