चूरू साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर महिला के नाम से फर्जी आईडी बनाकर लोगों को ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने वीडियो कॉल के माध्यम से अश्लील वीडियो तैयार कर पीड़ित से करीब 6 लाख रुपये ऐंठ लिए थे और लगातार पैसों की मांग कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद ने बताया कि सालासर निवासी संदीप कुमार शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गौतम शर्मा नाम के व्यक्ति ने महिला की फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर उन्हें वीडियो कॉल किया। इसके बाद अश्लील वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल कर उनसे लाखों रुपये वसूल लिए।
साइबर विश्लेषण से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (त्वरित अनुसंधान सेल) दिनेश कुमार के सुपरविजन में साइबर थाना प्रभारी विजय कुमार मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के आधार पर 10 जुलाई को गौतम उर्फ यतिन (24) निवासी दीनदारपुरा, थाना बरडवा, जिला डीडवाना-कुचामन को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ जारी, नेटवर्क की भी जांच
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इसी तरीके से अन्य लोगों को भी निशाना बनाया है या नहीं तथा उसके साथ इस साइबर अपराध में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम के सदस्य कुसुमलता, जितेन्द्र कुमार और सुनील कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






