चूरू शहर के वार्ड संख्या-6 निवासी 23 वर्षीय युवक सोशल मीडिया पर सस्ते धागे का विज्ञापन देखकर साइबर ठगी का शिकार हो गया। युवक ने ऑनलाइन ऑर्डर के नाम पर ₹4500 का भुगतान कर दिया, लेकिन भुगतान के बाद न तो सामान भेजा गया और न ही राशि वापस की गई। शिकायत मिलने पर कोतवाली थाना की साइबर सेल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक से संपर्क कर राशि को होल्ड करवा दिया।
पुलिस के अनुसार, समय रहते शिकायत दर्ज होने से ठगी गई राशि को सुरक्षित रखने की कार्रवाई संभव हो सकी।
सोशल मीडिया विज्ञापन देखकर किया भुगतान
कोतवाली थाना की साइबर सेल प्रभारी सुनील धायल ने बताया कि रविवार शाम करीब 4 बजे युवक ने सोशल मीडिया पर धागा बेचने का एक आकर्षक विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद आरोपी ने ऑनलाइन भुगतान कराने के लिए कहा।
युवक ने विश्वास कर ₹4500 ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने न तो सामान भेजा और न ही पैसे लौटाए, जिससे युवक को ठगी का एहसास हुआ।
साइबर सेल ने तुरंत कराया पैसा होल्ड
शिकायत मिलते ही कोतवाली थाना की साइबर सेल ने संबंधित बैंक से तत्काल समन्वय स्थापित किया और भुगतान की गई राशि को होल्ड करवाने की कार्रवाई की। आगे की जांच जारी है।
पुलिस की आमजन से अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाले अत्यधिक सस्ते और आकर्षक ऑफर पर बिना जांच किए भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति, वेबसाइट या ऑनलाइन विक्रेता को भुगतान करने से पहले उसकी विश्वसनीयता की पुष्टि अवश्य करें।
साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर रिपोर्ट करने की सलाह दी गई है, ताकि समय रहते राशि को सुरक्षित कराया जा सके।





