चूरू जिले के सदर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का शिकार हुए एक 70 वर्षीय बुजुर्ग को पुलिस ने बड़ी राहत दिलाई है। ड्राई फ्रूट भेजने के नाम पर ऑनलाइन ठगे गए 99,704 रुपये पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद पीड़ित के बैंक खाते में वापस जमा करा दिए गए। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के निर्देशन में की गई।

फेसबुक पर ऑर्डर के बाद आया ठग का कॉल

पुलिस के अनुसार, राणासर निवासी नोरंगलाल शर्मा (70) ने 4 अप्रैल को फेसबुक के माध्यम से ड्राई फ्रूट का ऑर्डर किया था। इसी दौरान एक अज्ञात नंबर से कॉल आया।

आरोपी ने ऑर्डर की प्रक्रिया पूरी करने और विवरण भरने के बहाने फोनपे के माध्यम से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन करवाए और कुल 99,704 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली।

साइबर पोर्टल पर शिकायत के बाद शुरू हुई कार्रवाई

घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर सदर थाना में साइबर पोर्टल पर कार्यरत कांस्टेबल अनिल कुमार ने मामले की जांच शुरू की और ठगी गई राशि के ट्रांजेक्शन का पता लगाया।

पुलिस ने संबंधित बैंकों से समन्वय कर राशि को समय रहते होल्ड करवाया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पूरी रकम पीड़ित के बैंक खाते में वापस जमा करवा दी।

पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

राशि वापस मिलने पर नोरंगलाल शर्मा ने चूरू पुलिस का आभार जताया।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई ऑनलाइन साइबर ठगी का शिकार होता है, तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए। साथ ही किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, एटीएम, ओटीपी या यूपीआई पिन साझा न करें तथा सोशल मीडिया खातों पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन का उपयोग करें।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...