चूरू जिले के सुजानगढ़ क्षेत्र में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की अहमदाबाद जोनल यूनिट ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने उनके कब्जे से 10 किलो 800 ग्राम हाथी दांत के छह टुकड़े बरामद किए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारें और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।
गौपालपुरा रोड पर हुई कार्रवाई
क्षेत्रीय वन अधिकारी ओकेश यादव ने बताया कि डीआरआई टीम ने गौपालपुरा रोड पर छापेमारी कर हाथी दांत बरामद किया। कार्रवाई के बाद डीआरआई ने वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जब्त सामग्री को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज किया है।
चारों आरोपियों की पृष्ठभूमि की जांच
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार चार आरोपियों में दो बीदासर, एक तारानगर और एक कोटपूतली का निवासी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद हाथी दांत कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।
अधिकारियों का मानना है कि इस मामले की जांच में वन्यजीव तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
पूरे नेटवर्क पर एजेंसियों की नजर
वन विभाग और डीआरआई संयुक्त रूप से मामले की गहन जांच कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, बरामदगी से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और तस्करी की पूरी श्रृंखला को खंगाला जा रहा है, ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।






