चूरू के राजकीय भर्तिया अस्पताल परिसर में गुरुवार को विधायक हरलाल सहारण को लेकर लगाए गए पोस्टरों से हड़कंप मच गया। अस्पताल परिसर में विभिन्न स्थानों पर लगाए गए पोस्टर मरीजों और उनके परिजनों के बीच चर्चा का विषय बन गए। सूचना मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन ने पोस्टर हटवा दिए और मामले की जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे दो युवक
अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. दीपक चौधरी ने बताया कि मामला सामने आते ही पोस्टर हटवा दिए गए। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें दो युवक पोस्टर लगाते हुए दिखाई दिए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी पहुंचे अस्पताल, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलने पर डीएसपी गजेंद्र सिंह भी राजकीय भर्तिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और अस्पताल के सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल के सुरक्षा गार्डों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। डीएसपी ने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि पोस्टर किसने और किस उद्देश्य से लगाए।
विधायक ने लगाए आरोप
इस मामले पर भाजपा विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि यह असामाजिक तत्वों का काम है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना में कांग्रेस से जुड़े कुछ युवकों की भूमिका हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक किसी व्यक्ति या संगठन की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर भी उठते रहे हैं सवाल
राजकीय भर्तिया अस्पताल पूर्व में भी विभिन्न व्यवस्थागत मुद्दों को लेकर चर्चा में रहा है। अस्पताल में साफ-सफाई, बायोवेस्ट प्रबंधन और रेफरल व्यवस्था को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय स्तर पर अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सुधार की मांग भी उठती रही है।






